जमशेदपुर: सोनारी के सबुज संघ में 7 से 13 नवंबर तक 63वां काली पूजा महोत्सव, प्रियंका सूत्रधर और देबांग्शु डे देंगे प्रस्तुति

Spread the love

जमशेदपुर: सोनारी स्थित सबुज संघ में इस वर्ष 63वां वार्षिक काली पूजा महोत्सव 7 से 13 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। सात दिवसीय आयोजन में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। पूजा पंडाल का उद्घाटन 7 नवंबर को आरएसबी ग्रुप के चेयरमैन एसके बेहरा करेंगे। महोत्सव का प्रमुख आकर्षण इंडियन आइडल 2020 फेम प्रियंका सूत्रधर और जी बांग्ला के देबांग्शु डे की लाइव गायन प्रस्तुति होगी।

श्री श्री काली पूजा सार्वजनिक समिति, सबुज संघ सोनारी की ओर से आयोजित इस महोत्सव में कोलकाता और जमशेदपुर के कलाकार गरबा-डांडिया, कला प्रतियोगिता, नृत्य और संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। समिति के अध्यक्ष अशोक गोयल ने बताया कि आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 8 नवंबर की रात 11:30 बजे मां काली की विधिवत पूजा होगी। 9 नवंबर को तड़के 3 बजे पुष्पांजलि और सुबह 5 से 7 बजे तक भोग वितरण किया जाएगा। इसी दिन सुबह 10:30 बजे चंडी पाठ और शाम 7 बजे आरती होगी। 10 नवंबर को आरती के बाद शाम 7 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 11 नवंबर को दोपहर 2 बजे बच्चों की कला प्रतियोगिता होगी। इसके बाद मानगो की राजा डांस एकेडमी के कलाकार नृत्य प्रस्तुत करेंगे।

12 नवंबर को दोपहर 1:30 बजे नारायण भोज, शाम 7 बजे आरती और रात 8 बजे पुरस्कार वितरण समारोह होगा। इसके बाद प्रियंका सूत्रधर और देबांग्शु डे संगीत संध्या में प्रस्तुति देंगे। महोत्सव का समापन 13 नवंबर को होगा। इस दिन शाम 5 बजे बालू घाट, दोमुहानी से मां काली की विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी। आयोजन को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारी और सदस्य जुटे हुए हैं।