आदित्यपुर की उत्कल ऑटोमोबाइल कंपनी में घायल मजदूर की मौत, भारी पाइप सिर पर गिरने से हुआ था हादसा

Spread the love

आदित्यपुर: औद्योगिक क्षेत्र स्थित उत्कल ऑटोमोबाइल कंपनी में काम के दौरान घायल हुए मजदूर इरशाद आलम (28) की बुधवार शाम टीएमएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। कपाली नगर निवासी इरशाद पेशे से वेल्डर था और पिछले करीब दो महीने से कंपनी में काम कर रहा था। उसकी मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम कंपनी में काम करने के दौरान एक बड़े वाहन पर लदा भारी पाइप अचानक नीचे गिर गया और इरशाद के सिर पर जा लगा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसे तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार शाम उसने दम तोड़ दिया।

बताया जाता है कि इरशाद सात भाइयों में छठे नंबर पर था। उसकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सदस्यों ने कंपनी प्रबंधन से उचित मुआवजे की मांग की है, ताकि इस मुश्किल समय में परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके।

मामले को लेकर परिजनों और कंपनी प्रबंधन के बीच बातचीत हुई। प्रबंधन की ओर से उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया गया है। वहीं, हादसे के पीछे सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक हुई थी या नहीं, यह जांच का विषय है। घटना ने औद्योगिक क्षेत्र में कामगारों की सुरक्षा और कार्यस्थल पर जरूरी सावधानियों को लेकर सवाल खड़े किए हैं।