रिम्स में जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के लिए निःशुल्क जांच शिविर, जरूरत पड़ने पर होगा ऑपरेशन

Spread the love

रांची: झारखंड में जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में शुक्रवार को निःशुल्क जांच एवं ऑपरेशन शिविर आयोजित किया गया। शिविर में पहुंचने वाले बच्चों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है। साथ ही उनके हृदय रोग की स्थिति और बीमारी की गंभीरता का आकलन किया जा रहा है, ताकि आगे के इलाज की उचित व्यवस्था की जा सके।

जांच के दौरान जिन बच्चों को ऑपरेशन की आवश्यकता होगी, उन्हें चिह्नित किया जाएगा। इसके बाद उनकी बीमारी और चिकित्सकीय जरूरत के अनुसार ऑपरेशन की व्यवस्था भी की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के उन बच्चों तक बेहतर इलाज पहुंचाना है, जो पैसों की कमी के कारण समुचित चिकित्सा सुविधा नहीं ले पाते हैं।

रिम्स के ऑडिटोरियम में आयोजित यह शिविर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। शिविर में बच्चों की जांच के साथ उनके अभिभावकों को बीमारी की स्थिति और आगे के उपचार के संबंध में जानकारी देने का भी प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और स्वास्थ्य सचिव अजय कुमार सिंह भी शामिल होंगे। शिविर के माध्यम से जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की पहचान कर उन्हें निःशुल्क जांच और जरूरत के अनुसार ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की गई है। इससे जरूरतमंद परिवारों को इलाज में आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है