परिसीमन विधेयक पर JMM के रुख को लेकर आज अहम बैठक, हेमंत सोरेन ने सांसदों को बुलाय

Spread the love

रांची : परिसीमन विधेयक पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) समर्थन करेगा या विरोध, इसका फैसला करने के लिए मुख्यमंत्री एवं पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने शनिवार को सभी सांसदों की बैठक बुलाई है। बैठक मुख्यमंत्री आवास पर होगी, जिसमें लोकसभा और राज्यसभा के सांसद शामिल होंगे। पार्टी महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। बैठक में विधेयक के संभावित प्रावधानों के साथ इसके राजनीतिक और संवैधानिक प्रभावों पर चर्चा की जाएगी। विचार-विमर्श के बाद ही पार्टी अपना रुख स्पष्ट करेगी।

इससे पहले हेमंत सोरेन ने कहा था कि संसद में विधेयक पेश होने के बाद ही पार्टी अपना पक्ष रखेगी। उन्होंने दिल्ली में चल रही राजनीतिक गतिविधियों पर नजर रखने की बात कही थी, लेकिन समर्थन या विरोध को लेकर कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया था।

शुक्रवार को रामगढ़ जिले के नेमरा में शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह संघर्ष करके अलग झारखंड राज्य हासिल किया गया, उसी तरह अपने अधिकारों के लिए भी संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए संसाधन जुटाने में बाधाओं और भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही राजस्व के स्रोतों को बंद करने का प्रयास किए जाने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने रामगढ़ जिले के लुकैयाटांड़ में शहीद सोबरन सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान लगभग 111 करोड़ रुपये की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया गया। साथ ही लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम में विधायक कल्पना सोरेन और ममता देवी सहित आयुक्त विजय कुमार गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र सिन्हा, पुलिस उप महानिरीक्षक अंजनी कुमार झा, उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत मौजूद थे।