विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर कदमा में नशा मुक्ति जागरूकता यात्रा, ब्रह्माकुमारीज का संदेश—नशामुक्त जीवन अपनाएं

Spread the love

कदमा, जमशेदपुर, 31 मई 2026। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा संचालित नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत कदमा सेवा केंद्र से एक भव्य जन-जागरूकता यात्रा का आयोजन किया गया। प्रातःकाल मुरली क्लास के पश्चात आरंभ हुई यह यात्रा कदमा सेवा केंद्र से निकलकर लिंक रोड एवं कदमा बाजार क्षेत्र से होते हुए पुनः सेवा केंद्र पहुंची। यात्रा का उद्देश्य समाज को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा स्वास्थ्य, नैतिकता एवं आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति जागरूकता फैलाना था।
यात्रा में बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारी परिवार के भाई-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में नशा मुक्ति संबंधी संदेशों से युक्त तख्तियां एवं बैनर लेकर प्रतिभागियों ने लोगों को तंबाकू, शराब एवं अन्य नशों से होने वाली हानियों के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर समाजसेवी एवं एंटी करप्शन एक्टिविस्ट शशि आचार्य तथा कदमा थाना प्रभारी दिलीप कर यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने ब्रह्माकुमारीज द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में युवाओं एवं समाज को नशे की प्रवृत्ति से बचाने के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने सामाजिक उत्थान एवं जनकल्याण के क्षेत्र में ब्रह्माकुमारीज की सेवाओं तथा विशेष रूप से बी.के. संजू दीदी के सतत प्रयासों की प्रशंसा की।
यात्रा के समापन अवसर पर बी.के. संजू दीदी ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए नशे के प्रमुख कारणों, उसके शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति की निर्णय क्षमता, स्वास्थ्य, आर्थिक स्थिति और पारिवारिक सुख-शांति को प्रभावित करता है। आध्यात्मिक जागरूकता, सकारात्मक चिंतन एवं राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से व्यक्ति नशे जैसी बुराइयों से मुक्त होकर श्रेष्ठ एवं सुखी जीवन जी सकता है।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की मेडिकल विंग द्वारा भारत सहित विश्व के अनेक देशों में वर्षभर नशा मुक्ति एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियान संचालित किए जाते हैं। इन अभियानों के माध्यम से लाखों लोगों ने विभिन्न प्रकार के नशों से मुक्ति प्राप्त कर स्वस्थ, सकारात्मक एवं आध्यात्मिक जीवन की ओर कदम बढ़ाया है।
कार्यक्रम का समापन नशामुक्त समाज निर्माण के संकल्प के साथ हुआ। सभी उपस्थित जनों ने स्वयं नशामुक्त रहने तथा अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
“स्वस्थ युवा – सशक्त भारत, नशामुक्त जीवन – श्रेष्ठ संस्कार” के संदेश के साथ यह जागरूकता यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हुई।