जमशेदपुर : एल.बी.एस.एम. कॉलेज में शिक्षक संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक डॉ. मौसमी पॉल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में शैक्षणिक, सामाजिक एवं पर्यावरणीय सरोकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करते हुए कई अहम निर्णय लिए गए।


बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि शिक्षक संघ की बैठक प्रत्येक माह नियमित रूप से आयोजित की जाएगी, ताकि शिक्षकों के बीच संवाद और संस्थान के विकास से जुड़े विषयों पर निरंतर विचार-विमर्श होता रहे।
पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया कि सप्ताह में एक दिन सभी शिक्षक पैदल, साइकिल या कारपूल के माध्यम से कॉलेज पहुंचेंगे। इसके साथ ही भारतीय संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए सप्ताह में एक दिन पारंपरिक परिधान में आने का भी निर्णय लिया गया।
इसके अलावा शिक्षकों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए वेलफेयर सोसाइटी के गठन का निर्णय लिया गया, जो सामाजिक एवं मानवीय सहयोग से जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ाएगी।
बैठक में कई वरिष्ठ शिक्षक उपस्थित रहे। अंत में प्रो. बिनोद कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

