बोकारो: साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए बोकारो पुलिस ने साइबर थाने को अतिरिक्त बल और आधुनिक संसाधनों से मजबूत किया है। एसपी नाथू सिंह मीणा ने साइबर अपराध के मामलों में विशेषज्ञता रखने वाले इंस्पेक्टर मोहम्मद आजाद खान और पिंकू यादव को साइबर थाने में पदस्थापित किया है। अतिरिक्त संसाधन और बल मिलने के बाद साइबर डीएसपी पवन कुमार ने मंगलवार को पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर साइबर अपराध पर अंकुश लगाने की रणनीति पर चर्चा की।


बैठक में जनशिकायतों, लंबित अनुसंधान और साइबर ठगी से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। डीएसपी ने अधिकारियों को साइबर फ्रॉड की जानकारी ठगी के बाद शुरुआती समय में ही हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज कराने के लिए लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया। साथ ही ठगी की रकम वाले बैंक खातों को तत्काल फ्रीज कराने और फ्रीज खातों से जुड़े मामलों में तेजी से कार्रवाई कर पीड़ितों की राशि वापस दिलाने पर जोर दिया गया।
बैठक में साइबर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के साथ समन्वय पोर्टल से प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अनुसंधान में नेटग्रिड, एमआरएम-जीआरएम पोर्टल और तकनीकी शाखा की मदद लेने तथा उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का अधिकतम इस्तेमाल करने को कहा गया।
साइबर डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि हाल के दिनों में साइबर अपराध के कई मामलों में त्वरित कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि अनुसंधान के सकारात्मक परिणाम से ठगी के पीड़ितों को राहत मिली है और साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

