CBI-इंटरपोल की बड़ी कार्रवाई, विदेश से दो फरार आरोपी भारत लाए गए

Spread the love

सीबीआई और इंटरपोल के संयुक्त समन्वय से एक बड़े ऑपरेशन में दो फरार आरोपियों को विदेशों से भारत वापस लाया गया है। इनमें साइबर अपराधी गणेश बालासो काले और गैंगस्टर वेणकट गर्ग शामिल हैं। दोनों को विभिन्न देशों में कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार कर भारत प्रत्यर्पित किया गया है।

जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र पुलिस लंबे समय से गणेश बालासो काले की तलाश कर रही थी। उस पर लोगों को पार्ट-टाइम जॉब का झांसा देकर अधिक मुनाफे का लालच देकर ठगी करने का आरोप है। जांच में यह भी सामने आया है कि वह फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क से जुड़ा था।

इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर उसे थाईलैंड (बैंकॉक) से गिरफ्तार किया गया और आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं के बाद भारत लाया गया।

वहीं, हरियाणा पुलिस लंबे समय से गैंगस्टर वेणकट गर्ग की तलाश कर रही थी। उस पर हत्या, हत्या के प्रयास और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर मामलों में शामिल होने का आरोप है। जमानत पर बाहर आने के बाद वह देश छोड़कर फरार हो गया था।

इंटरपोल की मदद से उसे जॉर्जिया में ट्रैक कर गिरफ्तार किया गया और सभी कानूनी प्रक्रियाओं के बाद भारत वापस लाया गया।

अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई संगठित अपराध और साइबर फ्रॉड नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय सफलता मानी जा रही है। इससे यह संदेश गया है कि विदेश भागकर भी अपराधियों के लिए बचना आसान नहीं है।

अब दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उनके पूरे नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है। जांच एजेंसियां उनके वित्तीय लेन-देन और डिजिटल नेटवर्क की भी गहन जांच कर रही हैं।