हजारीबाग: बरकागांव के जंगलों में अवैध कोयला खनन और तस्करी के खिलाफ CISF ने बड़ी कार्रवाई की है। करीब 13 घंटे तक चले अभियान में अलग-अलग स्थानों से कुल 256.71 टन अवैध कोयला बरामद किया गया। यह कार्रवाई बरकागांव प्रखंड के जोराकाट, चपरी और सेहंदा के घने जंगलों में की गई।


अभियान के दौरान दुर्गम और जंगलों में छिपाकर रखे गए अवैध कोयले के ठिकानों का पता लगाने के लिए ड्रोन की मदद ली गई। ड्रोन से मिली तस्वीरों के आधार पर संदिग्ध स्थानों की पहचान की गई और इसके बाद जमीन पर टीमों ने कार्रवाई की।
CISF के 100 से अधिक जवानों की अलग-अलग टीमों ने एक साथ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान तीनों क्षेत्रों में बनाए गए कथित अवैध कोयला डिपो से बड़ी मात्रा में कोयला बरामद हुआ। बरामद कोयले को 10 बड़े हाइवा वाहनों में लोड कर NTPC के फोर्क हाउस पहुंचाया गया।
CISF के अनुसार कुल 256.71 टन कोयला जब्त किया गया है। इसे सुरक्षित स्टॉक क्षेत्र में रखा गया है। बरामद कोयले की अंतिम कीमत अभी निर्धारित नहीं हुई है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
अधिकारियों ने कहा कि अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

