जुगसलाई के नया बाजार हाट मैदान को अर्बन हाट के रूप में विकसित करने की मांग, मंत्री को पत्र

Spread the love

Jamshedpur News: जुगसलाई नगर परिषद के पार्षद अनिल मोदी ने झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार ‘सोनू’ को पत्र लिखकर जुगसलाई स्थित ऐतिहासिक नया बाजार हाट मैदान को “अर्बन हाट” के रूप में विकसित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह मैदान वर्षों से क्षेत्र की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है तथा इसके विकास से स्थानीय लोगों को व्यापक लाभ मिलेगा।

अपने पत्र में अनिल मोदी ने उल्लेख किया कि नया बाजार हाट मैदान में प्रतिवर्ष होलिका दहन, दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन होते हैं। इसके अलावा यहां नियमित रूप से साप्ताहिक हाट लगती है, जहां आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से किसान और छोटे व्यापारी अपने उत्पादों का विक्रय कर आजीविका अर्जित करते हैं।

उन्होंने कहा कि समय की आवश्यकता को देखते हुए मैदान के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए इसका आधुनिकीकरण किया जाना चाहिए। प्रस्ताव के अनुसार जिस हिस्से में परंपरागत रूप से होलिका दहन और दुर्गा पूजा आयोजित होती है, उसे यथावत संरक्षित रखा जाए, जबकि शेष क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं से युक्त अर्बन हाट के रूप में विकसित किया जाए।

अनिल मोदी ने कहा कि अर्बन हाट बनने से स्थानीय किसानों, छोटे व्यापारियों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को बेहतर बाजार एवं बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी। इससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, नागरिकों को व्यवस्थित बाजार उपलब्ध होगा और जुगसलाई क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को भी नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में भेजे गए पत्र की प्रतिलिपि नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव, पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त तथा जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को भी भेजी गई है, ताकि प्रस्ताव पर शीघ्र विचार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

पार्षद ने मंत्री से जनहित में इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर सकारात्मक पहल करते हुए नया बाजार हाट मैदान को अर्बन हाट के रूप में विकसित करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है।