गिरिडीह जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के चिक्सोरिया गांव में साइबर अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान पुलिस वाहन पर पथराव किया गया, जिससे वाहन के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। हंगामे का फायदा उठाकर गिरफ्तार आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया। घटना बुधवार देर रात करीब एक बजे की बताई जा रही है।


जानकारी के अनुसार, साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के नेतृत्व में पुलिस टीम चुरामन मंडल की गिरफ्तारी के लिए चिक्सोरिया गांव पहुंची थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि चामलिट्टी गांव निवासी चुरामन मंडल, जो इन दिनों अपने ससुराल चिक्सोरिया में रह रहा था, गांव में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर उसे हिरासत में ले लिया।
इसी दौरान गांव में गिरफ्तारी की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस टीम का विरोध करने लगे। स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस वाहन पर पथराव किया गया, जिससे वाहन के शीशे टूट गए। हालांकि, इस घटना में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है। अफरा-तफरी के बीच आरोपी चुरामन मंडल पुलिस हिरासत से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद आसपास के कई थाना क्षेत्रों की पुलिस और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया।
साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत ने बताया कि सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन विरोध और पथराव के कारण वह फरार हो गया। मामले में अहिल्यापुर थाना में अलग से प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

