जमशेदपुर के साकची गोलचक्कर पर रेल यात्री संघर्ष समिति द्वारा आयोजित हस्ताक्षर अभियान के दौरान जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने रेलवे पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समिति का आंदोलन शांतिपूर्ण जरूर है, लेकिन इसे कमजोरी समझने की भूल न की जाए। जरूरत पड़ी तो आंदोलनकारी रेल ट्रैक पर बैठने से भी पीछे नहीं हटेंगे।


सरयू राय ने रेलवे पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि रेलवे नियम-कानूनों की अनदेखी कर रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसके आदेश पर यात्री ट्रेनों को रोककर मालगाड़ियों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि देशभर में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास हुआ है, लेकिन टाटानगर अब भी उपेक्षित है।
रेल यात्री संघर्ष समिति के संयोजक शिव शंकर सिंह ने बताया कि आंदोलन लगातार विस्तार ले रहा है। 18 मई को बर्मामाइंस, 19 मई को मानगो और 24 मई को घाटशिला में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर रेल मंत्री तक इस मुद्दे को पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम में सुबोध श्रीवास्तव, कन्हैया सिंह, सतीश सिंह, अजय कुमार, उषा यादव और कुलविंदर सिंह पन्नू समेत कई लोगों ने रेलवे की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई और ट्रेनों की लेटलतीफी को लेकर आवाज बुलंद की।
इस दौरान विधायक सरयू राय सहित अन्य सदस्यों ने राहगीरों के बीच पर्चे वितरित कर उन्हें क्यूआर कोड स्कैन कर अपनी राय दर्ज करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के आयोजन में नीरज सिंह और सुनील सिंह की अहम भूमिका रही, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विवेक पांडेय ने किया।

