झारखंड :महुआडांड़ प्रखंड में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विशेष जांच अभियान चलाया। स्थानीय समाचार पत्रों में चीनी में प्लास्टिक जैसी वस्तु मिलने की खबर सामने आने के बाद विभाग हरकत में आया और राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम, लातेहार के संयुक्त तत्वावधान में 9 मई को महुआडांड़ बाजार क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया गया।इस दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कई किराना एवं जनरल स्टोर्स का निरीक्षण किया। जांच के क्रम में चीनी में किसी प्रकार की प्लास्टिक जैसी सामग्री नहीं मिलने की बात कही गई, हालांकि संदेह के आधार पर चीनी का नमूना जांच के लिए संग्रहित कर रांची स्थित राज्य खाद्य जांच प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू उत्पाद बेचते पाए गए दुकानदारों पर भी कार्रवाई की गई। कोटपा एक्ट के तहत जुर्माना लगाया गया तथा दोबारा नियम उल्लंघन नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई।खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिठाई, किराना एवं मांस दुकानों का भी निरीक्षण किया। दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से रखने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया। मांस विक्रेताओं को लाइसेंस लेने और कचरे के उचित निस्तारण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने कहा कि आम लोगों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।महुआडांड़ में आगे भी लगातार जांच अभियान चलाकर मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थ बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।इस अभियान में खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। विभागीय कार्रवाई के बाद बाजार क्षेत्र में हड़कंप का माहौल देखा गया।



