घाटशिला: PM आवास योजना के फर्जी लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक, खाते से कटे ₹4,999

Spread the love

घाटशिला: मऊभंडार ओपी क्षेत्र के निवासी आजाद बेहरा साइबर ठगी का शिकार हो गए। गुरुवार को उनके व्हाट्सएप पर प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम से एक फाइल या लिंक भेजा गया था। उसे खोलने के बाद उनका मोबाइल हैक होने का आरोप है। कुछ ही देर में उनके बैंक खाते से 4,999 रुपये कट गए। पीड़ित के अनुसार, संदिग्ध मैसेज “राम करुवा” नामक व्यक्ति के जरिए आया था।

आजाद बेहरा ने बताया कि लिंक पर क्लिक करने के बाद उनके मोबाइल पर लगातार ओटीपी आने लगे। इसके कुछ समय बाद उनका यूपीआई भी लॉक हो गया। शुक्रवार सुबह बैंक खाता जांचने पर उन्हें खाते से राशि कटने की जानकारी मिली। घटना के दिन बैंक बंद होने के कारण वह तत्काल शिकायत दर्ज नहीं करा सके। उन्होंने बताया कि शनिवार को मऊभंडार ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराएंगे।

पीड़ित ने लोगों से अपील की है कि उनके नंबर से आने वाले किसी भी संदिग्ध मैसेज या लिंक पर क्लिक न करें। उन्होंने लोगों को सरकारी योजनाओं के नाम पर भेजे जाने वाले फर्जी लिंक से विशेष रूप से सावधान रहने की सलाह दी।

मऊभंडार ओपी प्रभारी नीरज कुमार गुप्ता ने भी लोगों से प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम किसान सम्मान निधि सहित अन्य सरकारी योजनाओं के नाम पर भेजे जाने वाले संदिग्ध लिंक, कॉल और मैसेज से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए और किसी के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी या व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।