गुमला: पालकोट थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय बच्ची की संदिग्ध मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अब तक की पुलिस जांच से कई अहम तथ्य सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। बच्ची की मौत दम घुटने से होने की बात सामने आई है और उसके गले पर दबाने के निशान मिले हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बच्ची का गला किसने दबाया और घटना के पीछे क्या वजह थी।


परिजनों के अनुसार, छठी कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची 24 सितंबर को घर से गायब हो गई थी। देर रात वह गंभीर हालत में घर के बाहर मिली थी। इसके बाद 25 सितंबर को उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे रिम्स रेफर किया गया, जहां 26 सितंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों की ओर से दुष्कर्म और मारपीट की आशंका जताई गई थी। पुलिस ने मामले में कई लोगों से पूछताछ की है और बच्ची के परिजन भी जांच के दायरे में हैं।
जांच के दौरान घर के बगल में दुकान चलाने वाले व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन बच्ची घर से बाहर नहीं निकली थी। पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर को पूरे दिन और रात बारिश हुई थी, लेकिन इलाज के लिए ले जाते समय बच्ची के कपड़े भीगे हुए नहीं थे। इन परिस्थितियों को भी जांच में शामिल किया गया है।
पुलिस वर्ष 2021 में बच्ची के भाई की मौत के मामले की भी पड़ताल कर रही है। उसके भाई की मौत को फांसी से जोड़ा गया था और उस मामले में बच्ची के पिता को अभियुक्त बनाया गया था। पुलिस यह जांच रही है कि दोनों घटनाओं के बीच कोई संभावित संबंध है या नहीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखंड सरकार ने जांच टीम गठित की थी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं, मेडिकल साक्ष्यों और पूछताछ में सामने आए तथ्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले की स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।

