घाटशिला: राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” विषय के अंतर्गत घाटशिला के कीताडीह गांव में सतर्कता जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को ईमानदारी, पारदर्शिता, नैतिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक करना तथा भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।


कार्यक्रम का आयोजन बंगला विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. प्रियंजना बनर्जी के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि भ्रष्टाचार केवल आर्थिक या प्रशासनिक समस्या नहीं है, बल्कि इससे सामाजिक विश्वास, समान अवसर और विकास की प्रक्रिया भी प्रभावित होती है। इसे रोकने के लिए प्रत्येक नागरिक की जागरूकता और जिम्मेदारी आवश्यक है।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी एवं राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. शिवचन्द्र झा ने कहा कि सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता लोकतांत्रिक समाज के मूलभूत आधार हैं। भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के लिए कानून और प्रशासन के साथ-साथ नागरिकों के व्यवहार और सोच में भी सकारात्मक बदलाव जरूरी है।
वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग के सहायक अध्यापक कुंदन रंजन तिवारी ने दैनिक जीवन और कार्यक्षेत्र में नैतिक आचरण अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की छोटी-छोटी ईमानदार पहल भी समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।
अभियान के दौरान NSS स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने, अनुचित लाभ से बचने और सार्वजनिक हित के कार्यों में जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समन्वय NSS की नोडल पदाधिकारी एवं कृषि विज्ञान विभाग की सहायक अध्यापिका पतत्रि माली ने किया। अभियान के माध्यम से ईमानदारी, जवाबदेही और पारदर्शिता को सामाजिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।

