घाटशिला: सोना देवी विश्वविद्यालय में 30-31 अक्टूबर को भारतीय ज्ञान प्रणाली पर राष्ट्रीय सेमिनार, सरयू राय और NIT निदेशक की सहभागिता प्रस्तावित

Spread the love

घाटशिला: सोना देवी विश्वविद्यालय, घाटशिला में 30 और 31 अक्टूबर 2026 को “Contemporary Global Scenario and Indian Knowledge System: An Analytical Discourse” विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय परिसर स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में होने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य समकालीन वैश्विक परिदृश्य में भारतीय ज्ञान प्रणाली की प्रासंगिकता, बौद्धिक विरासत और आधुनिक शिक्षा एवं अनुसंधान में उसकी संभावनाओं पर अकादमिक विमर्श को बढ़ावा देना है।

सेमिनार में शिक्षाविदों, प्राध्यापकों, शोधार्थियों और विभिन्न शैक्षणिक क्षेत्रों के विद्वानों की सहभागिता होगी। कार्यक्रम संयोजक डॉ. सुजीत कुमार और डॉ. मनोरंजन बार हैं। राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. शिवचन्द्र झा ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा का अध्ययन ऐतिहासिक दृष्टिकोण तक सीमित न रहकर समकालीन शैक्षणिक, सामाजिक और बौद्धिक चुनौतियों के संदर्भ में भी किया जाना चाहिए।

सहायक कुलसचिव श्रीमती अर्चना सिंह और कुलसचिव डॉ. नीत नयना ने ऐसे आयोजनों को अकादमिक संवाद, शोध और विचारों के आदान-प्रदान के लिए महत्वपूर्ण बताया। कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) ब्रज मोहन पाट पिंगुवा ने विश्वास जताया कि सेमिनार भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक वैश्विक चिंतन के बीच सार्थक संवाद को प्रोत्साहित करेगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उद्घाटन सत्र में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय और NIT जमशेदपुर के निदेशक प्रोफेसर (डॉ.) गौतम सूत्रधार सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की सहभागिता प्रस्तावित है। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों और शोधार्थियों में आलोचनात्मक चिंतन, शोधपरक दृष्टिकोण और नई अनुसंधान संभावनाओं के प्रति रुचि विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।