गिरिडीह: गांडेय प्रखंड में पारिवारिक संपत्ति विवाद को लेकर महादेव तिवारी नामक युवक अपने चार साल के बेटे को लेकर करीब 150 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक ने बच्चे को नीचे फेंकने की धमकी दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण टंकी के पास जुट गए और युवक से बच्चे के साथ सुरक्षित नीचे उतरने की अपील करने लगे। करीब दो घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद प्रशासन के समझाने पर युवक अपने बेटे के साथ सुरक्षित नीचे उतर आया।


ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, महादेव तिवारी का अपने पिता, भाई और पत्नी के साथ अक्सर विवाद होता था। वह पैतृक मकान में अपने हिस्से के रूप में एक कमरे की मांग कर रहा था। बताया गया कि बेरोजगारी और पारिवारिक परेशानियों के बीच मांग पूरी नहीं होने से नाराज होकर वह सुबह करीब 10 बजे अपने छोटे बेटे को लेकर गांव की जलमीनार पर चढ़ गया। वहां से उसने बच्चे को नीचे फेंकने की धमकी दी। इस दौरान परिजन और ग्रामीण लगातार उसे समझाने का प्रयास करते रहे।
घटना की जानकारी मिलने पर सदर एसडीओ जितेंद्र प्रसाद और एसडीपीओ शैलेन्द्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने युवक से बातचीत की और उसकी मांग पर उचित समाधान का भरोसा दिलाते हुए उसे नीचे उतरने के लिए समझाया।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक नीचे उतरने के लिए तैयार हो गया। बच्चे और युवक के सुरक्षित नीचे आने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों, परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे। इस घटनाक्रम ने पारिवारिक विवाद के बीच बच्चे की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी।

