सरायकेला के बिरसा मुंडा स्टेडियम में 11 से 13 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाले राजकीय चैत्र पर्व–सह–छऊ महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ. महोत्सव का शुभारम्भ सिंहभूम लोकसभा क्षेत्र की सांसद जोबा मांझी द्वारा पारंपरिक पूजा-पाठ एवं विधि-विधान के साथ विधिवत रूप से किया गया. इस अवसर पर उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत, जिला परिषद अध्यक्ष, नगर निगम महापौर, नगर पंचायत अध्यक्ष सरायकेला, अपर उपायुक्त एवं अनुमंडल पदाधिकारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. महोत्सव के दौरान स्थानीय प्रसिद्ध कलाकारों ने सरायकेला छऊ शैली में पौराणिक एवं सामाजिक विषयों पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. साथ ही विभिन्न राज्यों से आए कला दलों ने भी नृत्य, गीत और संगीत के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया.


कार्यक्रम में प्रस्तुत सांस्कृतिक झलकियों ने क्षेत्र की समृद्ध परंपरा, लोककला और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया. इस महोत्सव के माध्यम से कला और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन का सशक्त संदेश भी प्रसारित हुआ.

