गुमला में 38 वर्षीय युवक का घर में फंदे से लटका मिला शव, आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

Spread the love

गुमला: बसिया थाना क्षेत्र के कोनबीर कुम्हार टोली में शनिवार सुबह एक 38 वर्षीय युवक का शव घर में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान रामस्वरूप सिंह के पुत्र विकास सिंह के रूप में हुई है।

बताया गया कि विकास सिंह ने शुक्रवार रात अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। शनिवार सुबह उसकी तीन वर्षीय बेटी ने खिड़की से पिता को घर के अंदर फंदे से लटका देखा। इसके बाद उसने परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी।

बेटी से घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने घर का दरवाजा तोड़ा और विकास को नीचे उतारा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पंचनामा तैयार किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

विकास सिंह अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बेटियों को छोड़ गया है। उसकी एक बेटी तीन वर्ष और दूसरी करीब डेढ़ वर्ष की है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, विकास द्वारा यह कदम उठाने के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। बसिया पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।