लगातार बारिश से गालूडीह थाना परिसर जलमग्न, पुलिसकर्मियों और फरियादियों की बढ़ी परेशानी

Spread the love

गालूडीह: लगातार हो रही बारिश का असर गालूडीह थाना परिसर में भी देखने को मिल रहा है। जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पूरा थाना परिसर जलमग्न हो गया है। कई जगहों पर इतना पानी जमा हो गया है कि थाना परिसर तालाब जैसा नजर आने लगा है। इससे ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ-साथ अपनी शिकायत लेकर थाना पहुंचने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

थाना पहुंचने वाले फरियादियों को परिसर के अंदर जाने के लिए जमा पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। दोपहिया वाहनों से आने वाले लोगों की परेशानी भी बढ़ गई है। लगातार पानी जमा रहने से परिसर में गंदगी फैलने और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि थाना जैसे महत्वपूर्ण सरकारी परिसर में बेहतर जल निकासी की व्यवस्था होनी चाहिए। ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के दिनों में यहां जलजमाव की समस्या बार-बार सामने आती है।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। उनका कहना है कि थाना परिसर में ऐसी जल निकासी व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए, जिससे बारिश के दौरान दोबारा जलजमाव की स्थिति उत्पन्न न हो और पुलिसकर्मियों व आम लोगों को परेशानी से राहत मिल सके।