जामताड़ा: जामताड़ा के मिहिजाम थाना क्षेत्र के गोआकोला में शनिवार को तालाब में नहाने के दौरान एक मजदूर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान तलवाड़िया गांव निवासी 32 वर्षीय मंगल राय के रूप में हुई है। मंगल राय मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।


बताया गया कि शनिवार को मंगल राय गोआकोला स्थित तालाब में नहाने गए थे। नहाने के दौरान अचानक वह गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से मंगल राय के शव को तालाब से बाहर निकाला गया।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। मंगल राय की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। मृतक के भाई तुलसी राय और तरुण राय ने बताया कि मंगल राय अपने पीछे एक छोटी बच्ची छोड़ गए हैं। परिवार के लिए यह घटना किसी बड़े सदमे से कम नहीं है।
मंगल राय की मौत के बाद तलवाड़िया गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

