H1N1-H3N2 को लेकर झारखंड स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पतालों में 10 बेड के आइसोलेशन वार्ड तैयार रखने का निर्देश

Spread the love

झारखंड: देश के कई राज्यों में इन्फ्लुएंजा A H1N1 और H3N2 के मामले सामने आने के बाद झारखंड स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट हो गया है। हालांकि, राज्य में अभी इन्फ्लुएंजा संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को निगरानी बढ़ाने और अस्पतालों में जरूरी तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया है।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने सिविल सर्जन, मेडिकल कॉलेज और जिला सर्विलांस अधिकारियों को आवश्यक तैयारी करने को कहा है। सभी जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में कम से कम 10 बेड के आइसोलेशन वार्ड तैयार रखने का निर्देश दिया गया है। अस्पतालों में PPE किट, N95 मास्क, ट्रिपल लेयर मास्क, जांच किट, जरूरी दवाएं, ऑक्सीजन और वेंटिलेटर उपलब्ध रखने को कहा गया है।

फिलहाल H1N1 और H3N2 की जांच की सुविधा रिम्स रांची और MGM जमशेदपुर में उपलब्ध है। सर्दी, खांसी, बुखार और सांस लेने में परेशानी वाले मरीजों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग ने बुजुर्गों, पांच वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने, खांसते या छींकते समय मुंह-नाक ढकने और हाथों की स्वच्छता का ध्यान रखने की अपील की गई है। बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक न लेने की भी सलाह दी गई है। स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के लिए 24 घंटे हेल्पलाइन 104 पर संपर्क किया जा सकता है।