गुमला: शहीद अल्बर्ट एक्का के पुत्र विंसेंट एक्का को मिला ट्रैक्टर-रोटावेटर कंपनी ने वापस लिया, 50% हिस्सेदारी का भुगतान नहीं होने का मामला

Spread the love

गुमला: परमवीर चक्र विजेता शहीद लांस नायक अल्बर्ट एक्का के पुत्र विंसेंट एक्का को कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत मिला ट्रैक्टर और रोटावेटर कंपनी ने वापस ले लिया। दोनों की कुल कीमत करीब 9.25 लाख रुपये बताई गई है। योजना के तहत 50 प्रतिशत राशि सरकारी अनुदान और शेष 50 प्रतिशत राशि लाभुक को देनी थी। कंपनी के अनुसार लाभुक की हिस्सेदारी का भुगतान नहीं होने के कारण 30 अगस्त को भूमि संरक्षण विभाग के पदाधिकारियों की मौजूदगी में ट्रैक्टर और रोटावेटर वापस लिया गया।

स्वराज कंपनी के प्रतिनिधि दीपक अग्रवाल के अनुसार, विंसेंट एक्का के आग्रह के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुमला उपायुक्त को ट्रैक्टर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था। भूमि संरक्षण विभाग की पहल पर 23 दिसंबर 2024 को जारी गांव में विंसेंट एक्का को ट्रैक्टर और रोटावेटर उपलब्ध कराया गया था। कंपनी का दावा है कि लाभुक की हिस्सेदारी उपायुक्त फंड से दिए जाने की बात कही गई थी, लेकिन कंपनी को निर्धारित राशि नहीं मिली।

दीपक अग्रवाल के अनुसार, भुगतान के लिए कंपनी की ओर से कई बार संपर्क किया गया और ट्रैक्टर वापस लेने से करीब 10 दिन पहले लिखित सूचना भी दी गई थी। इसके बाद कंपनी ने वाहन वापस ले लिया। वहीं, भूमि संरक्षण पदाधिकारी राम प्रकाश कुमार ने कहा कि योजना के प्रावधान के अनुसार कुल लागत की 50 प्रतिशत राशि लाभुक को जमा करनी थी, लेकिन राशि जमा नहीं हुई। उनके मुताबिक निर्धारित हिस्सेदारी जमा होने के बाद ट्रैक्टर वापस किया जा सकता है।

विंसेंट एक्का का कहना है कि उनके हिस्से की राशि भी सरकार की ओर से दी जानी थी। उन्होंने वाहन वापस लेने पहुंचे विभागीय पदाधिकारियों पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। उनका यह भी कहना है कि मंत्री और विधायक से पैरवी कराने के बावजूद राशि का इंतजाम नहीं हो पाया। मामले में अब लाभुक की हिस्सेदारी और सरकारी फंड से भुगतान को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।