जमशेदपुर: बागबेड़ा कॉलोनी स्थित गणेश पूजा मैदान में रविवार सुबह जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान गणेश पूजा मैदान के साथ छठ घाट और पहाड़ी पूजा स्थल की भी साफ-सफाई की गई। स्वच्छता और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थानों पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी कराया गया।


अभियान में शामिल जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर पूजा मैदान एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई की। इस दौरान लोगों को सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान गणेश पूजा मैदान को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाए रखने का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता को केवल किसी विशेष दिन तक सीमित नहीं रखना चाहिए। इसे दैनिक जीवन की आदत बनाने के साथ सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाना जरूरी है।
स्थानीय लोगों से भी अपने घर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने की अपील की गई। अभियान के आयोजकों ने कहा कि सामूहिक प्रयास से सार्वजनिक स्थलों को लंबे समय तक स्वच्छ और बेहतर रखा जा सकता है।

