जमशेदपुर: कदमा में आपराधिक योजना बनाते तीन आरोपी गिरफ्तार, दो पिस्टल और 19 जिंदा कारतूस बरामद

Spread the love

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कदमा थाना क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक विधि-विवादित किशोर को भी निरुद्ध किया है। आरोप है कि सभी मिलकर किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिलने के बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने कदमा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से दो पिस्टल, 19 जिंदा कारतूस और अन्य सामान बरामद किए गए।

पुलिस बरामद हथियारों और कारतूसों के स्रोत के साथ-साथ आरोपियों की कथित योजना के संबंध में भी जांच कर रही है। मामले में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी किसी अन्य आपराधिक घटना से जुड़े हैं या नहीं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, विधि-विवादित किशोर के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।