जमशेदपुर: मानगो के घर से ₹1.5 लाख के सोने के जेवर गायब, पुलिस जांच में जुटी

Spread the love

जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के जवाहर नगर क्रॉस रोड नंबर 14 से करीब डेढ़ लाख रुपये के सोने के आभूषण गायब होने का मामला सामने आया है। पीड़िता जीनत उर्फ निशा, पत्नी कमर अशरफ अहमद, ने मानगो थाने में लिखित शिकायत देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार, शनिवार को वह घर की अलमारी से जरूरी सामान निकालने गई थीं। अलमारी का लॉकर खोलने पर उसमें रखे सोने के आभूषण गायब मिले। इनमें एक सोने की चेन और दो अंगूठियां शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1.5 लाख रुपये बताई गई है।

जीनत ने बताया कि 7 अगस्त को पड़ोस में किराए के मकान में रहने वाली सलिमान बीबी उनके घर आई थीं। इसके बाद घर में किसी अन्य बाहरी व्यक्ति के आने की जानकारी नहीं है। इसी आधार पर परिवार ने सलिमान बीबी पर संदेह जताया है।

पुलिस अब लॉकर और चाबी तक पहुंच रखने वाले लोगों की जानकारी जुटा रही है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।