जमशेदपुर: XLRI के हॉस्टल में अंतिम वर्ष के छात्र की मौत, कमरे में अचेत मिला था 23 वर्षीय ओम पोद्दार

Spread the love

जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित एक्सएलआरआई के छात्रावास में शुक्रवार को अंतिम वर्ष के छात्र ओम पोद्दार की मौत हो गई। 23 वर्षीय ओम मूल रूप से कोलकाता का रहने वाला था और एक्सएलआरआई में अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। शुक्रवार दोपहर वह अपने कमरे में अचेत अवस्था में मिला। साथी छात्रों और हॉस्टल प्रबंधन ने उसे तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया गया है कि गुरुवार को ओम अपने कुछ साथियों के साथ गणेश पूजा का मेला घूमने गया था। मेला घूमने के बाद वह हॉस्टल लौटा, खाना खाया और अपने कमरे में चला गया। अगले दिन दोपहर कमरे में अचेत मिलने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

घटना की सूचना मिलने पर बिष्टुपुर पुलिस हॉस्टल पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस छात्र के कमरे, उसके साथ रहने वाले छात्रों और घटना से पहले उसके संपर्क में रहे लोगों से जानकारी जुटा रही है। परिजनों को भी सूचना दे दी गई थी, जिसके बाद वे देर रात जमशेदपुर पहुंचे।

शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।