जमशेदपुर: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने 26 सितंबर को जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त, गैर-सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। यह आदेश उपायुक्त के निर्देश पर जारी किया गया है।


जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार, विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कक्षा 12 तक के सभी स्कूल 26 सितंबर को बंद रहेंगे। हालांकि, विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए विद्यालय प्रबंधन को अवकाश के दौरान ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन ने बताया कि जिले में मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। परिस्थितियों के अनुसार आगे भी आवश्यक निर्णय लिए जा सकते हैं। अभिभावकों और विद्यार्थियों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी विद्यालय या संस्थान द्वारा निर्देश का उल्लंघन किया जाता है, तो संबंधित संस्थान के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत कार्रवाई की जा सकती है। जिला प्रशासन ने सभी विद्यालयों से आदेश का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।

