जमशेदपुर। पूर्व सांसद आभा महतो ने झारखंड की झामुमो गठबंधन सरकार पर निशाना साधते हुए राज्य में बढ़ते असंतोष और युवाओं के आंदोलनों को लेकर सरकार को गंभीरता से विचार करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि युवा कई मुद्दों को लेकर सड़कों पर हैं और यदि सरकार ने समय रहते स्थिति पर ध्यान नहीं दिया, तो इसका असर सत्ता पर भी पड़ सकता है।


JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए आभा महतो ने कहा कि भाजपा इन मामलों में CBI जांच की मांग कर रही है, लेकिन सरकार की ओर से इस दिशा में पहल नहीं की जा रही है। उन्होंने विकास के विभिन्न मोर्चों पर भी सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए।
आभा महतो ने कहा कि राज्य गठन के 26 वर्ष बाद भी ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी बनी हुई है। उन्होंने दावा किया कि कई महिलाओं को मंईयां योजना की राशि मिलना बंद हो गई है और राज्य महिला आयोग का पद भी लंबे समय से रिक्त है।
उन्होंने MMDR कानून का समर्थन करते हुए इसे झारखंड के हित में बताया। साथ ही जमशेदपुर की मतदाता सूची में तीन अफगान नागरिकों के नाम मिलने के मामले को गंभीर बताते हुए विशेष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि केंद्र की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का अभियान जारी रहेगा और आने वाले समय में झारखंड में भाजपा की सरकार बनेगी।

