जमशेदपुर: पार्किंग शुल्क को लेकर JNAC ने दी सफाई, साकची-बिष्टुपुर में 4 जगह विभागीय स्तर पर वसूली

Spread the love

जमशेदपुर में पार्किंग शुल्क की वसूली को लेकर JNAC ने स्थिति स्पष्ट की है। सिटी कमिश्नर के अनुसार JNAC क्षेत्र में निर्धारित पार्किंग स्थलों पर नियमानुसार शुल्क लिया जा रहा है। शुल्क की वसूली कुछ स्थानों पर विभागीय स्तर पर और कुछ जगह अधिकृत वेंडरों के माध्यम से की जा रही है।

साकची और बिष्टुपुर क्षेत्र में कुल 8 पार्किंग समूह हैं। इनमें से 4 पार्किंग समूहों की बंदोबस्ती नहीं हो सकी है। इन स्थानों पर वर्तमान में JNAC विभागीय स्तर पर पार्किंग शुल्क की वसूली कर रहा है। सिटी कमिश्नर के अनुसार राजस्व हित को देखते हुए फिलहाल यह व्यवस्था जारी रखी गई है।

वहीं, बाकी 4 पार्किंग समूह अधिकृत वेंडरों के माध्यम से संचालित हो रहे हैं। इनमें साकची के 3 और बिष्टुपुर का 1 पार्किंग समूह शामिल है। इन चारों स्थानों पर बंदोबस्ती के जरिए पार्किंग शुल्क वसूली की जिम्मेदारी अधिकृत वेंडरों को दी गई है।

सिटी कमिश्नर ने बताया कि जिन 4 पार्किंग समूहों की बंदोबस्ती नहीं हो सकी है, उनकी प्रक्रिया भी नियमानुसार जल्द पूरी की जाएगी। इसके बाद इन स्थानों का संचालन भी बंदोबस्ती के माध्यम से किया जा सकेगा।

JNAC ने नागरिकों से अपील की है कि पार्किंग शुल्क या पार्किंग व्यवस्था से जुड़ी किसी भी परेशानी और सुझाव की जानकारी हेल्पलाइन नंबर 07970625111 पर दें। फिलहाल 4 पार्किंग समूहों में विभागीय और 4 में अधिकृत वेंडरों के माध्यम से शुल्क वसूली हो रही है।