जमशेदपुर: जुस्को स्कूल साउथ पार्क के छात्र आयुष सिन्हा का CBSE नेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए चयन

Spread the love

जमशेदपुर: जुस्को स्कूल साउथ पार्क की कक्षा 12वीं के छात्र आयुष सिन्हा का चयन सीबीएसई नेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए हुआ है। राइट हैंड बैटर आयुष ईस्ट जोन का प्रतिनिधित्व करते हुए मदुरै, तमिलनाडु में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। टूर्नामेंट से पहले वह मदुरै में आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में भी शामिल होंगे।

मदुरै में 24 से 30 अक्टूबर तक ईस्ट जोन सीबीएसई नेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। इससे पहले आयुष 13 अक्टूबर से शुरू होने वाले राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेंगे। शिविर में उन्हें देशभर से चयनित खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षण लेने और अपनी क्रिकेट प्रतिभा को और निखारने का अवसर मिलेगा।

आयुष पूर्व राष्ट्रीय क्रिकेटर निखिल राय की देखरेख में क्रिकेट की बारीकियां सीख रहे हैं। उनके चयन को स्कूल के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। आयुष ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और कोच को दिया है। वह अपने पिता विभू प्रियदर्शी और माता अनिता कुमारी को अपना आदर्श मानते हैं।

जुस्को स्कूल साउथ पार्क की प्रिंसिपल मिली सिन्हा ने आयुष को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर बधाई दी। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं। आयुष के चयन से स्कूल के विद्यार्थियों और शिक्षकों में भी खुशी का माहौल है।