जमशेदपुर के करीम सिटी कॉलेज में NCC कैडेट्स और छात्रों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम 2/37 झारखंड बटालियन NCC और करीम सिटी कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। इसमें छात्रों को संतुलित आहार और बेहतर जीवनशैली के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए करीम सिटी कॉलेज के NCC अधिकारी मेजर डॉ. फखरुद्दीन अहमद ने “Life Style: Eat Right and Live Better Life” विषय पर छात्रों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि देश में हर वर्ष 1 से 7 सितंबर तक राष्ट्रीय पोषण सप्ताह मनाया जाता है। इस दौरान लोगों को खान-पान और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाता है।
उन्होंने छात्रों से कहा कि हमें अपनी प्लेट में मौजूद भोजन पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि हमारे खान-पान का सीधा असर शरीर पर पड़ता है। सही पोषण केवल भूख मिटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शरीर को ऊर्जा देने के साथ मानसिक स्वास्थ्य और बीमारियों से लड़ने की क्षमता को भी प्रभावित करता है।
कार्यक्रम में NCC कैडेट्स के अलावा कॉलेज के अन्य छात्र भी शामिल हुए। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को पौष्टिक भोजन चुनने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

