जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह पर विवाद, ₹1,000 फीस और छात्राओं की भागीदारी पर उठे सवाल

Spread the love

जमशेदपुर: 8 सितंबर 2026 को होने वाले जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को लेकर विवाद शुरू हो गया है। झारखंड स्टूडेंट्स फ्रंट ने विश्वविद्यालय प्रशासन से दीक्षांत शुल्क और सभी पात्र छात्राओं की समारोह में भागीदारी को लेकर जवाब मांगा है।

मोर्चा के कोल्हान सचिव पप्पू यादव ने कहा कि दीक्षांत समारोह छात्राओं की वर्षों की मेहनत का सम्मान है। ऐसे में फीस या प्रशासनिक कारणों से किसी छात्रा को परेशानी नहीं होनी चाहिए।

संगठन ने दावा किया कि छात्राओं से दीक्षांत या डिग्री के नाम पर ₹1,000 लिए जा रहे हैं, जबकि आठ सेमेस्टर के परीक्षा फॉर्म भरने के दौरान डिग्री शुल्क पहले ही लिया जा चुका है। मोर्चा ने ₹1,000 शुल्क का आधार, उपयोग और स्वीकृत शुल्क संरचना सार्वजनिक करने की मांग की है।

इसके अलावा सभी पात्र छात्राओं को दीक्षांत समारोह में शामिल करने की व्यवस्था करने की मांग की गई है। सीटों की कमी होने पर सम्मानजनक वैकल्पिक व्यवस्था का सुझाव दिया गया है।

मोर्चा ने राज्य सरकार, उच्च शिक्षा विभाग और राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। संगठन ने कहा कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।