यूथ नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में झारखंड की शानदार शुरुआत, बालकों ने अंडमान-निकोबार और बालिकाओं ने ओडिशा को हराया

Spread the love

जमशेदपुर: पुणे में आयोजित 41वीं यूथ नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में झारखंड की बालक और बालिका टीमों ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। प्रतियोगिता के पहले दिन बालक टीम ने अंडमान-निकोबार को 91-15 से हराया, जबकि बालिका टीम ने ओडिशा को 64-37 से शिकस्त दी। दोनों टीमों ने अपने-अपने मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

झारखंड राज्य बास्केटबॉल एसोसिएशन के सचिव और अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच जेपी सिंह ने दोनों टीमों के प्रदर्शन की जानकारी दी। उन्होंने खिलाड़ियों को जीत की बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे आगामी मुकाबलों में भी इसी लय को बरकरार रखेंगे। शुरुआती जीत से दोनों टीमों के खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा है और प्रतियोगिता में आगे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जगी है।

बालक टीम में राजवीर सिंह, देवाशीष महतो, जस्टिन खलखो, सौरजायन घोष, उदय नायर, साहिल कुमार बोदरा, निशांत कुमार, तानसिंह राणावत, प्रणव कुमार दुबे, जसप्रीत सिंह, कृष्णा कुमार और असद अली शामिल हैं।

वहीं, बालिका टीम में सिद्धि कुमारी मिश्रा, खुशी, महिमा चावला, मन्ना जॉयस सोरेन, अनुष्का कुमारी, जिज्ञासा लकड़ा, आद्या साहु, द्रिशानी किस्कू, शिवानी कुमारी, सलोनी कुमारी, स्मृति मेरी किस्कू और ध्वनि बजाज अपनी प्रतिभा दिखा रही हैं।

41वीं यूथ नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन 27 अक्टूबर से 3 नवंबर तक पुणे में किया जा रहा है। झारखंड की दोनों टीमें प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़ने के इरादे से मैदान में उतरी हैं।