झारखंड मौसम अलर्ट: कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना, 40 KM की रफ्तार से चल सकती है हवा

Spread the love

रांची: झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने 20, 23 और 24 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। मौसम विभाग ने आकाशीय बिजली को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

23 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 23 अगस्त को पलामू, गढ़वा, चतरा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है।

पिछले 24 घंटे के दौरान भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। चतरा के हंटरगंज में सबसे अधिक 58.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं बहरागोड़ा में अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस और नामकुम में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अगले तीन दिनों में बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।

रांची में 26 अगस्त तक बारिश की संभावना

राजधानी रांची में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 20 से 26 अगस्त तक आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 24 अगस्त को एक से अधिक बार बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान रांची का तापमान करीब 22 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

मौसम विभाग ने लोगों से वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने और खुले मैदान, पेड़ तथा बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।