चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा के लोटा गांव में लगातार हो रही बारिश के बीच गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। कच्चे मकान की दीवार गिरने से उसके मलबे में दबकर 64 वर्षीय सुखलाल पाडेया की मौके पर ही मौत हो गई।


बताया गया कि सुखलाल अपने घर के पास खड़े थे। इसी दौरान अचानक पास स्थित एक कच्चे मकान की दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। दीवार के मलबे में दबने से उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
परिजनों के अनुसार, गांव में पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। लगातार बारिश के कारण मिट्टी से बनी कई कच्ची दीवारें कमजोर हो गई हैं। परिजनों का कहना है कि इसी वजह से अचानक दीवार गिर गई और यह हादसा हुआ। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।

