सरायकेला: कुचाई नदी से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद, पहचान में जुटी पुलिस

Spread the love

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के आमदा ओपी क्षेत्र में गुरुवार को कुचाई नदी से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय ग्रामीणों ने नदी में शव को बहते हुए देखा, जिसके बाद तत्काल आमदा ओपी पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलने पर आमदा ओपी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक उनके क्षेत्र का रहने वाला नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि तेज बहाव के कारण शव किसी दूसरे स्थान से बहकर कुचाई नदी तक पहुंचा होगा। हालांकि, शव नदी में कैसे पहुंचा और व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाकर शव की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को शव की पहचान या उससे जुड़ी कोई जानकारी हो, तो आमदा ओपी पुलिस से संपर्क करें। पहचान होने के बाद मृतक के परिजनों को सूचना दी जाएगी।