Saraikela News: किसानों को संस्थागत ऋण सुविधाओं से जोड़ने और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पंडरा पंचायत में ऋण रिकवरी, ऋण समझौता एवं किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) आवेदन सृजन हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में किसानों, ग्रामीणों और लाभुकों ने भाग लेकर विभिन्न बैंकिंग योजनाओं और सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।


शिविर के दौरान बैंक के बकाया ऋणों के निपटान, ऋण समझौता प्रक्रिया तथा पात्र किसानों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड आवेदन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही इच्छुक लाभार्थियों से आवेदन प्राप्त कर आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) बरुण कुमार चौधरी ने किसानों और ग्रामीणों को समय पर ऋण चुकाने, बैंकिंग सेवाओं का अधिकतम लाभ लेने तथा कृषि कार्यों के लिए संस्थागत ऋण का उपयोग करने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड योजना किसानों को कम ब्याज दर पर सुलभ ऋण उपलब्ध कराने की एक महत्वपूर्ण व्यवस्था है, जिससे वे साहूकारों के चंगुल से बचकर अपनी कृषि गतिविधियों को मजबूत बना सकते हैं।
शिविर में चीफ मैनेजर (ARD) संजय कुमार, बैंक ऑफ इंडिया सरायकेला शाखा की शाखा प्रबंधक श्रद्धांजलि तथा पंडरा पंचायत की मुखिया गीता कुमारी सहित कई बैंक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने ग्रामीणों से बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठाने, वित्तीय अनुशासन बनाए रखने और सरकारी योजनाओं का अधिकतम फायदा लेने की अपील की।
शिविर में पहुंचे किसानों और ग्रामीणों ने ऋण निपटान एवं किसान क्रेडिट कार्ड योजना के प्रति उत्साह दिखाया तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं को सुलभ बनाने की इस पहल की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे शिविर किसानों को औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने, वित्तीय जागरूकता बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

