बोकारो में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, होटल और दुकान से भारी मात्रा में शराब बरामद

Spread the love

बोकारो: जिले के बलिडीह थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लाइन होटल और जनरल स्टोर से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है। देर रात हुई इस छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रेलवे गेट के समीप स्थित एक लाइन होटल में अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

264 बोतल अंग्रेजी शराब और 101 बीयर बरामद

पुलिस टीम ने रेलवे गेट के पास स्थित अमर लाइन होटल और उससे सटे सुमित्रा जनरल स्टोर में एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों से विभिन्न ब्रांडों की 264 बोतल अंग्रेजी शराब और 101 बोतल कैन बीयर बरामद की गई।

जब संचालकों से शराब से संबंधित वैध दस्तावेजों की मांग की गई, तो वे कोई भी आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने पूरी खेप को जब्त कर लिया।

होटल मैनेजर और दुकानदार गिरफ्तार

छापेमारी के दौरान अमर लाइन होटल के प्रबंधक अविनाश सिंह और सुमित्रा जनरल स्टोर के संचालक सूरज कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह अवैध कारोबार कब से संचालित हो रहा था और इसके नेटवर्क से अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

अवैध कारोबारियों पर जारी रहेगा अभियान

पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार ने कहा कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।