भागलपुर : गुवाहाटी से बांग्लादेश होते हुए राष्ट्रीय जलमार्ग के रास्ते एक बड़ा कार्गो जहाज ‘त्रिशूल’ अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहा है। यह जहाज करीब 1500 मीट्रिक टन सीमेंट लेकर 2350 किलोमीटर लंबी दूरी तय कर रहा है और 13 जून को भागलपुर होते हुए पटना पहुंचने की संभावना जताई गई है। इस पूरी यात्रा पर भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) लगातार नजर बनाए हुए है।


जानकारी के अनुसार, यह जहाज अपने दो बार्ज ‘दिखू’ और ‘अजय’ के साथ यात्रा कर रहा है। यह राष्ट्रीय जलमार्ग संख्या-2 से शुरू होकर इंडो-बांग्लादेश प्रोटोकॉल रूट और फिर राष्ट्रीय जलमार्ग-1 के जरिए गंगा नदी मार्ग से बिहार में प्रवेश करेगा। इस दौरान जहाज 27 नदियों को पार करेगा और 10 जून के आसपास फरक्का बैराज पार करने की उम्मीद है।
यह कार्गो जहाज 25 मई को गुवाहाटी से रवाना हुआ था और निर्धारित मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर रुकते हुए आगे बढ़ रहा है। भागलपुर, सुल्तानगंज और मुंगेर होते हुए यह पटना पहुंचेगा, जहां सीमेंट अनलोड किया जाएगा और इसके बाद जहाज वापस अपने शुरुआती स्थान की ओर रवाना होगा। इस पूरे संचालन को जलमार्ग परिवहन के बढ़ते महत्व के रूप में देखा जा रहा है.

