गया (खिजरसराय) : खिजरसराय प्रखंड के देवगांव में फल्गु नदी के किनारे लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी सेंटर का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना का शिलान्यास 15 जून को मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा। इसको लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ हेलीपैड और अन्य सुविधाओं का काम भी तेजी से चल रहा है।


जानकारी के अनुसार, इस टेक्नोलॉजी सेंटर का निर्माण एमएसएमई विभाग की देखरेख में किया जाएगा। परियोजना के लिए भूमि पूजन पहले ही हो चुका है और बाउंड्री वॉल का काम पूरा कर लिया गया है। शिलान्यास के बाद मुख्य निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है, जिससे क्षेत्र में तकनीकी विकास और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने स्थल का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने परियोजना की प्रगति को लेकर संबंधित विभाग से बातचीत की और स्थानीय लोगों की समस्याओं पर भी ध्यान दिया। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सभी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है.

