आदित्यपुर में सादगी से निकलेगा मोहर्रम जुलूस, बिजली नहीं काटी जाएगी; सफाई, पेयजल और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने का आश्वासन

Spread the love

सरायकेला-खरसावां: आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को आदित्यपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने की। बैठक में नगर निगम आदित्यपुर के नगर आयुक्त एजाज अनवर, मेयर संजय सरदार, समाजसेवी एवं विभिन्न अखाड़ों तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष मोहर्रम का जुलूस सादगी के साथ निकाला जाएगा। जानकारी दी गई कि क्षेत्र के दो लाइसेंसी अखाड़ों में से केवल आदित्यपुर बस्ती पुराना अखाड़ा ही जुलूस निकालेगा, जबकि शहीद इस्लाम अखाड़ा इस बार जुलूस में शामिल नहीं होगा। जुलूस में लगभग 200 से 250 लोग भाग लेंगे और यह निर्धारित मार्ग से शाम साढ़े छह बजे से रात साढ़े नौ बजे तक संचालित होगा।

बैठक के दौरान नगर निगम अधिकारियों ने अखाड़ों एवं जुलूस मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाने, पेयजल की समुचित व्यवस्था करने तथा खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया। साथ ही स्पष्ट किया गया कि इस बार मोहर्रम जुलूस के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित नहीं की जाएगी।

मेयर संजय सरदार ने सभी समुदायों से भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। वहीं नगर आयुक्त एजाज अनवर ने कहा कि मोहर्रम शोक और श्रद्धा का पर्व है, इसलिए इसे सादगी और अनुशासन के साथ मनाया जाना चाहिए।

थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने शांति समिति के सदस्यों से प्रशासन को सहयोग करने तथा अफवाहों से दूर रहने की अपील की।