सीबीएसई 12वीं परीक्षा के घोषित परिणाम में गायत्री शिक्षा निकेतन स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। परीक्षा में शामिल 22 विद्यार्थियों में राशि रंजन ने 98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। वहीं माननी प्रसाद ने 95.4 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान, सोहन डॉली ने 94.4 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान तथा अनुभव गोस्वामी ने 93.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।


विद्यालय की टॉपर राशि रंजन ने बताया कि वह नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर एक कुशल डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना चाहती हैं। उनके पिता कुमार राजेश रंजन टाटानगर रेलवे के विद्युत विभाग में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत हैं। दूसरी टॉपर माननी प्रसाद भी डॉक्टर बनने का सपना देख रही हैं, जबकि सोहन डॉली जेईई एडवांस की परीक्षा देकर इंजीनियर बनना चाहती हैं।
सभी सफल विद्यार्थियों ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन को दिया। विद्यालय की अधिष्ठात्री गायत्री देवी एवं सचिव इंजीनियर सत्य प्रकाश सुधांशु ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विद्यालय के शिक्षकों के योगदान की सराहना की।

