पाकुड़ पुलिस ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पुष्पनगर स्थित एक चाय दुकान से चल रहे अवैध नशे के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस अधीक्षक अनुडीप सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई। इस दौरान जेलर की मौजूदगी में कार्रवाई की गई।


पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोग भागने लगे, हालांकि चाय दुकान संचालक अंसारुल शेख और सद्दुल शेख को गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों और दुकान से कुल 21 पुड़िया ब्राउन शुगर (7.07 ग्राम), 26 पुड़िया गांजा (54.73 ग्राम) तथा 2310 रुपये नकद बरामद किए।
बरामद सामग्री को जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
पूछताछ के दौरान पुलिस को नशीले पदार्थों की सप्लाई से जुड़े कुछ अहम सुराग मिले हैं। इस मामले में मुफस्सिल थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

