पलामू: मादक पदार्थों के तस्करों और ड्रग माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत पलामू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध अफीम और डोडा (पोस्ता भूसी) बरामद किया गया है।


पुलामू के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कपिल चौधरी ने प्रेस वार्ता में बताया कि पहली कार्रवाई सदर थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि इलाके में अफीम की खरीद-बिक्री की जा रही है। इसके बाद डीएसपी (सदर) और सदर थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर लगभग 750 ग्राम अवैध अफीम बरामद की और मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
दूसरी कार्रवाई पांकी थाना क्षेत्र में चलाए जा रहे अपराध निरोधक वाहन जांच अभियान के दौरान हुई। अभियान में एसडीपीओ (लेस्लीगंज) सहित पांकी, तरहसी और लेस्लीगंज थाना पुलिस शामिल थी। जांच के दौरान एक संदिग्ध सफेद रंग की कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से 50 किलोग्राम डोडा और 250 ग्राम अफीम बरामद हुई। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा का एक शातिर तस्कर और तरहसी थाना क्षेत्र का निवासी आसिम आलम शामिल है। जांच में सामने आया कि दोनों की मुलाकात पहले एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल में हुई थी। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि जेल में ही उन्होंने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी का नेटवर्क तैयार किया और रिहा होने के बाद बड़े पैमाने पर इस अवैध कारोबार को संचालित करना शुरू किया।
एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि गांजा, अफीम, डोडा, ब्राउन शुगर और हेरोइन जैसे मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ पलामू पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे के दलदल से बचाने और तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए आने वाले दिनों में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

