पलामू: अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत नौडीहा बाजार थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने महुरांव गांव के पास से 443 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 60 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। मामले में दो सगे भाइयों जमशेद आलम और अली रजा को गिरफ्तार किया गया है।


पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को एसपी कपिल चौधरी को महुरांव में गांजे की बड़ी खेप पहुंचने और उसे जमा किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद छतरपुर SDPO प्रशांत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने महुरांव चौक के पास छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान ट्रक से गांजा उतारकर टेंपो में रखा जा रहा था। पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी में ट्रक में नारियल पानी के डाब के बीच छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, 16 प्लास्टिक बोरियों में 424 छोटे पैकेट मिले, जिनका कुल वजन 443 किलो था। जांच में पदार्थ के गांजा होने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल ट्रक और टेंपो तथा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि शुरुआती जांच में तस्करी के तार पलामू, बिहार के औरंगाबाद और ओडिशा से जुड़े होने की जानकारी मिली है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित ठिकानों की तलाश कर रही है। एसपी ने कहा कि अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार लगातार जारी रहेगा।

