रांची में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों (RUPPs) से जुड़े कथित टैक्स मामले को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि 3,260 राजनीतिक दलों के जरिए 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक के कथित टैक्स खेल का मामला सामने आया है। कांग्रेस नेता ने सरकार से जांच और अब तक हुई कार्रवाई की पूरी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की।


राकेश सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेशों से काला धन वापस लाने की बात करते रहे हैं, जबकि उनके अनुसार देश में ही कथित तौर पर काले धन को वैध करने से जुड़ा मामला सामने आया है। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही हैं तो मामला सिर्फ टैक्स चोरी तक सीमित नहीं है, बल्कि चुनावी व्यवस्था की पारदर्शिता से भी जुड़ा है।
कांग्रेस नेता ने पूछा कि कथित 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक के टैक्स मामले में अब तक कितनी राशि बरामद हुई, कितने मामलों का निपटारा हुआ और कितने मामले दर्ज किए गए।
उन्होंने राजनीतिक दलों के पंजीकरण और मान्यता से जुड़े पहलुओं पर भी सवाल उठाए। साथ ही पूछा कि क्या इन दलों के किसी प्रभावशाली व्यक्ति या संगठन से संबंध थे और कथित फर्जी राजनीतिक दलों का नेटवर्क किसके संरक्षण में चलता रहा।
राकेश सिन्हा ने 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के बैंक खातों पर हुई कार्रवाई और टैक्स नोटिस का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि टैक्स कानून सभी के लिए समान होना चाहिए। कांग्रेस ने पूरे मामले की स्वतंत्र जांच और जांच से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है।

