रांची: दुर्गापूजा के दौरान बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) ने पूजा आयोजकों और आम लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। निगम ने पूजा पंडालों में केवल वैध बिजली कनेक्शन का इस्तेमाल करने और निर्धारित लोड के अनुसार MCB, आइसोलेटर तथा मेन स्विच जैसे सुरक्षा उपकरण लगाने की सलाह दी है।


JBVNL के अनुसार इन उपकरणों का इस्तेमाल प्रशिक्षित तकनीकी कर्मियों की देखरेख में किया जाना चाहिए। सजावट और लाइटिंग के तार सुरक्षित तरीके से लगाए जाएं तथा बिजली के केबल और अन्य उपकरणों को ज्वलनशील पदार्थों से दूर रखा जाए। बिजली पैनल को ढककर रखने और उसे भीड़ से सुरक्षित दूरी पर लगाने की सलाह भी दी गई है।
निगम ने पूजा पंडालों का निर्माण बिजली की लाइनों से सुरक्षित दूरी बनाकर करने, बिजली के खंभों और तारों को नहीं छूने तथा कंट्रोल या स्विच पैनल के पास प्रशिक्षित विद्युतकर्मी की निगरानी रखने को कहा है। आग की स्थिति से बचाव के लिए उचित स्थान पर अग्निशामक यंत्र और बालू से भरी बाल्टियां रखने की भी सलाह दी गई है।
मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान वाहनों की छत पर किसी व्यक्ति को नहीं बैठाने और ऐसी सामग्री नहीं रखने की अपील की गई है, जिससे बिजली के तारों के संपर्क में आने का खतरा हो। जुलूस में शामिल लोगों से भी बिजली के खंभों और तारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने को कहा गया है।
बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्या या शिकायत के लिए विद्युत आपूर्ति अंचल, रांची के 9431135682 तथा JBVNL जन शिकायत निवारण केंद्र के 9031110118, 9031110119 और 9031110120 पर संपर्क किया जा सकता है। निगम ने रांची के विभिन्न विद्युत आपूर्ति क्षेत्रों के लिए भी अलग-अलग संपर्क नंबर जारी किए हैं।

