सिपाही भर्ती परीक्षा में 6 लाख की डील का खुलासा, ब्लूटूथ के साथ पकड़े गए अभ्यर्थी ने खोले कई राज

Spread the love

गया : केंद्रीय चयन पर्षद सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान गया के रामरूचि बालिका स्कूल परीक्षा केंद्र पर एक अभ्यर्थी ब्लूटूथ डिवाइस के साथ पकड़ा गया। गिरफ्तार अभ्यर्थी की पहचान नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र के कोरई गांव निवासी प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने दावा किया कि परीक्षा में कथित सेटिंग कराने के लिए उससे छह लाख रुपये लिए गए थे.

अभ्यर्थी के बयान के आधार पर गया पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए नालंदा में छापेमारी की। पुलिस संबंधित युवक की तलाश में एक गांव पहुंची, लेकिन वह मौके पर नहीं मिला। छापेमारी के दौरान परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर संभावित नेटवर्क और संपर्कों की जानकारी जुटाई गई। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले के सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है और जांच जारी है।

इस मामले में रामरूचि बालिका स्कूल की केंद्राधीक्षक अंजना कुमारी के बयान पर कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार अभ्यर्थी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब ब्लूटूथ डिवाइस की सप्लाई, कथित लेन-देन और परीक्षा में शामिल संभावित गिरोह की भूमिका की जांच कर रही है।